यदि आप पशु पालन करते हैं या पशुओं को खरीदना चाहते हैं तो इस पोस्ट में दी गई जानकारी निश्चित ही आपके लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। दुग्ध के व्यवसाय से जुड़े व्यक्तियों के लिए कम आयु के पशुओं को खरीदना लाभदायक सिद्ध होता है। भैंस की बात करें तो करीब 4-5 वर्ष की भैंस लेना फायदेमंद होता है। गाय एवं भैंस की उम्र का पता लगाने के लिए कई बातों को ध्यान में रखना होता है। लेकिन पशुओं की उम्र की सही एवं सटीक जानकारी उनके दांतों एवं सींगों से मिलती है। हालांकि सींग कई बार बाहरी चोट लगने से टूट भी सकते हैं। इसलिए गाय एवं भैंस की उम्र का पता उनकी दांतों से लगाना चाहिए। आइए इस बारे में थोड़ी विस्तार से जानकारी प्राप्त करें।
कच्चे एवं पक्के दांतों का पता कैसे लगाएं?
सबसे पहले यह देखें की पशुओं के दांत कच्चे (दूध के दांत) हैं या पक्के।
कच्चे दांतों के बाद पक्के दांत निकलते हैं।
पक्के दांत आकार में बड़े और लम्बे चौड़े होते हैं।
कच्चे दांतों से उम्र का पता कैसे लगाएं?
जन्म के समय बछड़े को 2 कच्चे दांत होते हैं।
7 दिन के बछड़े को 4 कच्चे दांत होते हैं।
15 दिन के बछड़े को 6 कच्चे दांत होते हैं।
30 से 45 दिन होने पर बछड़े को 8 कच्चे दांत निकल आते हैं।
बछड़े के 5 से 6 महीने के होने पर पहला जोड़ा दाढ़ निकलता है।
बछड़े के 15 से 16 महीने होने पर दूसरा जोड़ा दाढ़ निकलता है।
24 से 28 महीने के बछड़े को तीसरा जोड़ा दाढ़ निकलता है।
पक्के दांतों से उम्र का पता कैसे लगाएं?
2 पक्के दांत होने पर गाय की उम्र 2 से 2.5 वर्ष एवं भैंस की उम्र 2.5 से 3 वर्ष होती है।
4 पक्के दांत होने पर गाय की उम्र 3 वर्ष एवं भैंस की उम्र 3.5 वर्ष होती है।
6 पक्के दांत होने पर गाय की उम्र 4 वर्ष एवं भैंस की उम्र 4.5 वर्ष होती है।
8 पक्के दांत होने पर गाय की उम्र 4.5 वर्ष एवं भैंस की उम्र 5 से 5.5 वर्ष होती है।
दांतों के घिसने से उम्र का पता कैसे लगाएं?
6 से 7 वर्ष की आयु में मध्यम कर्तन दांत घिस जाते हैं।
7 से 8 वर्ष की आयु में दूसरे कर्तन दांत घिसते हैं।
8 से 9.5 वर्ष की आयु में तीसरे कर्तन दांत घिसते हैं।
पशुओं के 11 वर्ष होने पर चौथे कर्तन दांत भी घिस जाते हैं।
यह भी पढ़ें :
पशुओं को कैल्शियम खिलाने के लाभ की जानकारी यहां से प्राप्त करें।
Animal husbandary | पशु पालन